स्कूल से लौटते वक्त कार सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
एएसपी पूर्वी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से की वार्ता
पुलिस के कई टीमें तलाश में जुटी, जमीन की रंजिश की बताई जा रही वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर(बिजनौर)। गांव मीमला में कार सवार बदमाशों ने शुक्रवार को किसान आशुतोष चौहान के 11 साल के पुत्र शशांक चौहान का अपहरण कर लिया। शशांक कक्षा चार का छात्र है और स्कूल से लौटते वक्त उसका अपहरण किया गया। उधर, एएसपी पूर्वी ने पुलिस अधिकारियों के साथ वारदात स्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने जमीन की रंजिश में अपहरण का शक जताया है। कई टीमें बालक की बरामदगी के लिए लगाई है। शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
गांव मीमला निवासी किसान आशुताेष चौहान ने बताया कि शशांक उनका इकलौता पुत्र है। धामपुर के शिखर स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र है। शुक्रवार को शशांक रोज की तरह से स्कूली वैन से उतर पर घर आ रहा था। आरोप है कि इसी दौरान कार सवार कुछ बदमाशों ने उनके पुत्र का अपहरण कर लिया। एक जूता घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला। घटना का पता लगते ही एएसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सर्वम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात की।
आशुताेष ने बताया कि उनकी गांव के एक व्यक्ति से आबादी की जमीन को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। व्यक्ति उसे और उसके परिवार को कई बार देख लेने की धमकी दे चुका है। उन्हें शक है कि उनके पुत्र का उन्हीं लोगों ने अपहरण कराया है। पुलिस अधिकारियों ने बालक को जल्द बरामद करने का भरोसा दिया। साथ ही जिस व्यक्ति पर शक जताया गया था, पुलिस ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ शुरू कर दी है।
छात्र शशांक को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। - सर्वम कुमार, सीओ