अभिनेता मुश्ताक खान और कॉमेडियन सुनील पाल के अपहरण मामले में पुलिस सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुश्ताक खान का मोबाइल अभी बदमाशों से बरामद नहीं हो सका है।
फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान और सुनील पाल अपहरण कांड में आरोपी लवी पाल और सार्थक की पुलिस कस्टडी रिमांड मिल गई है। कोर्ट ने शुक्रवार सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक का समय दिया है। अब पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर वारदात की बारीकी से पड़ताल करेगी।
विज्ञापन
सुनील पाल
- फोटो : इंस्टाग्राम @sunilpalcomedian
नवंबर माह में मुख्य आरोपी लवी पाल और सार्थक उर्फ रिक्की ने अपने दस साथियों के साथ मिलकर अभिनेता मुश्ताक खान का अपहरण कर लिया था। एक इवेंट में शामिल होने के बहाने अभिनेता को बुलाया गया। अपहरण करने के बाद करीब दो लाख बीस हजार रुपये की फिरौती वसूली गई थी।
हालांकि फिरौती एक करोड़ रुपये मांगी जा रही थी, मगर मुश्ताक खान आरोपियों के चंगुल से निकल भागे थे। उनका मोबाइल आरोपियों के पास छूट गया, मोबाइल से आरोपियों ने खरीदारी की थी। इसके बाद दिसंबर माह में कॉमेडियन सुनील पाल का इसी अंदाज में अपहरण किया गया और करीब सात लाख रुपये की फिरौती वसूली गई।
सुनील पाल अपहरण केस की जांच मेरठ की लालकुर्ती थाना पुलिस कर रही है। मेरठ पुलिस ने मुख्य आरोपी लवी पाल के एक साथी अर्जुन कर्णवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उधर, मुश्ताक खान ने बिजनौर में केस दर्ज कराया। इस मामले में बिजनौर पुलिस नौ आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
मुख्य आरोपी लवी पाल और पूर्व सभासद सार्थक उर्फ रिक्की को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जानी है। इसके लिए बृहस्पतिवार को शहर कोतवाली पुलिस के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने विचार किया। एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि कोर्ट ने शुक्रवार सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक की रिमांड मंजूर की है। अभी तक मुश्ताक खान का मोबाइल भी बरामद नहीं किया गया है। अब दोनों आरोपियों की निशानदेही पर इसे बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।