बिजनौर पुलिस ने फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान और कॉमेडियन सुनील पाल के अपहरण कांड में शुक्रवार को मुख्य आरोपी लवीपाल और पूर्व सभासद सार्थक चौधरी को रिमांड पर लिया। दोनों की निशानदेही पर सोने के दो सिक्के और मुश्ताक खान के जले हुए कपड़े बरामद किए। उधर, मुश्ताक खान का मोबाइल पुलिस पहले ही बिहार से बरामद कर चुकी थी।
अदालत ने बृहस्पतिवार शाम शहर कोतवाल के प्रार्थना पत्र पर मुख्य आरोपी लवी और पूर्व सभासद सार्थक चौधरी का पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर किया था। इसी आधार पर शुक्रवार को दोनों को जेल से रिमांड पर लिया और पूछताछ की। पूछताछ में लवी की निशानदेही पर नजीबाबाद के गांव जहानाबाद के पास हाईवे किनारे से मुश्ताक खान के जले हुए कपड़े और अधजला सूटकेस बरामद किया। इसके अलावा सुनील पाल के मोबाइल के जरिए मेरठ से खरीदे गए सोने के दो सिक्के भी बरामद किए। दोनों सिक्कों का वजन दस-दस ग्राम है।
बता दें कि मुश्ताक खान के बाद आरोपियों ने सुनील पाल का अपहरण कर लिया था, जिनके फोन से ज्वैलरी खरीदी थी। बरामदगी और पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस इस अपहरण कांड में सभी 10 आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
अपहरण के बाद 21 नवंबर की सुबह मुश्ताक खान आरोपियों के चंगुल से निकल भागे थे। उनका मोबाइल और कपड़ों का सूटकेस आरोपियों के पास ही छूट गया था। आरोपियों ने मोबाइल से खरीदारी की, इसके बाद उसे बेच दिया। इसे पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।
एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी का कहना है कि मुख्य आरोपियों लवी पाल और सार्थक चौधरी को रिमांड पर लिया गया था, जिनकी निशानदेही पर सोने के दो सिक्के, मुश्ताक खान के जले हुए कपड़े बरामद किए गए हैं।