धामपुर। पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश के कारण खो नदी का जलस्तर बढ़ गया है। सिंचाई विभाग के ओर से हाल ही में नंदगांव, नाथा डोई आदि कई गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए तटबंध बनाए थे। नदी के तेज बहाव ने इन्हें क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया है। नदी कटान करती हुई नंद गांव की ओर बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अधिकारियों ने जल्द ध्यान नहीं दिया तो किसी भी समय तटबंध टूट जाएगा और खो नदी का पानी गांव में घुस सकता है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने गांव के मुख्य मार्ग की पुलिया को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे गांव के लोगों का आना जाना बंद हो गया है। एसडीएम मनोज कुमार सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आ गया है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है। नदी की क्षमता 80 हजार क्यूसेक है। वर्तमान में लगभग 30 हजार क्यूसेक पानी चल रहा है।