- पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालय में कराए जाएंगे विकास कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। ब्लाॅक जलीलपुर के खानपुर खादर का उच्च प्राथमिक विद्यालय, पीएम श्री योजना के अंतर्गत आदर्श विद्यालय की तर्ज पर विकसित होगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के चलते सरकारी विद्यालयों को निजी स्कूलों की तर्ज पर तैयार कर छात्र-छात्राओं को अच्छी शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से पीएम श्री योजना को लागू किया जा रहा है।
इस योजना में जिले के 11 विद्यालयों का चयन किया गया है। जिसमें नौ विद्यालय बेसिक व दो विद्यालय माध्यमिक हैं। प्रत्येक ब्लाॅक से एक-एक विद्यालय का चयन हुआ है। खंड शिक्षा अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत चांदपुर तहसील के ब्लाॅक जलीलपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय खानपुर खादर को चयनित किया गया है। इस योजना के तहत विद्यालयों को विकसित करने के लिए पहली किस्त भी जारी की गई है।
पीएम श्री योजना के तहत पढ़ने-पढ़ाने के तरीके में बदलाव कर स्कूलों में बच्चों को इस तरह से अध्ययन कराया जाना है ताकि उन्हें नई-नई चीजें सीखने को मिले। उनमें रिसर्च करने की क्षमता विकसित हो और बच्चे खेल-खेल में सीख सकें। इस नए तरीके से शोधपरक और सीखपरक शिक्षा को बल मिलेगा।
इन सुविधाओं से होंगे लैस
जिला समन्वय सलीम अख्तर बेग ने बताया कि इस योजना के तहत विद्यालय को स्मार्ट बनाया जाएगा। जिसके तहत विद्यालय में क्लॉस रूम स्मार्ट होंगे, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, गणित लैब, समृद्ध पुस्तकालय इत्यादि से सुसज्जित किया जाएगा। अगर विद्यालय में कमरों की कमी होगी तो उसे पूरा किया जाएगा। विद्यालय की चाहर दीवारी, स्टाफ की कमी को पूरा किया जाएगा। जिन सुविधाओं का विद्यालय में अभाव होगा उन्हें पूरा किया जाएगा।