-जनपद की समस्त राजकीय आईटीआई संस्थानों में कुल 1992 सीटें
-बिजनौर राजकीय आईटीआई की कुल 664 सीटों के सापेक्ष 292 ने लिया प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जनपद के समस्त राजकीय आईटीआई संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों के लिए प्रवेश लेने की प्रक्रिया चल रही है। पहली मेरिट के आधार पर प्रवेश लेने की अंतिम तिथि तीन अगस्त है। वहीं राजकीय आईटीआई बिजनौर, अफजलगढ़, धामपुर, नगीना, नजीबाबाद की कुल 1992 सीटों के सापेक्ष अभी तक 701 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया है।
राजकीय आईटीआई संस्थान में आगामी शैक्षिक सत्र के लिए इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिक मोटर व्हीकल, टर्नर, फिटर, मशीनिस्ट, मैकेनिक डीजल एवं वायरमैन ट्रेड आदि के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन फार्म भरने वाले अभ्यर्थियों की प्रथम कट ऑफ जारी कर दी गई थी। जिसमें चयनित अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2023 निर्धारित की गई है। राजकीय आईटीआई बिजनौर के प्रधान सहायक राकेश शर्मा ने बताया कि राजकीय आईटीआई संस्थान बिजनौर में कुल 664 सीटों के सापेक्ष बुधवार तक 292 अभ्यर्थियों, नगीना में 88 सीटों के सापेक्ष 36 अभ्यर्थियों, अफजलगढ़ में 396 सीटों के सापेक्ष 122 अभ्यर्थी, धामपुर 396 के सापेक्ष 112 अभ्यर्थियों तथा नजीबाबाद सीटों के सापेक्ष 139 अभ्यर्थियों ने ही प्रवेश लिया है। नोडल प्रधानाचार्य मंजुल मयंक ने कहा कि सूची में चयनित अभ्यर्थी अपने समस्त प्रमाणपत्रों के साथ संबंधित आईटीआई में बृहस्पतिवार को उपस्थिति होकर प्रवेश लेना सुनिश्चित करें। इसके पश्चात किसी भी दशा में प्रवेश संभव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि राजकीय आईटीआई अफजलगढ़ के प्रवेश राजकीय आईटीआई बिजनौर में ही किए जा रहे हैं।