छह गांवों सहित कांशीराम कॉलोनी को किया सील
बिजनौर। शहर के पास के गांवों में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने छह गांवों को सील कर दिया है। रामलीला मैदान के पास काशीराम कॉलोनी को भी सील किया गया है।
शनिवार देर रात आई रिपोर्ट में जिले में कोरोना संक्रमण के सात और केस मिले हैं। गांव मुंढ़ाला में दो, बकली, किशनपुर, काजीवाला, इस्लामपुर दास व फतेहपुर नोआबाद में कोरोना के एक एक संक्रमित मरीज मिले हैं। ये सभी मजदूर बाहर से आए थे और प्रशासन ने उन्हें क्वारंटीन किया था। मजदूरों के संक्रमित होने का पता चलते ही प्रशासन ने इन सभी गांवों को सील कर दिया है। गांवों में पुलिस भी तैनात की गई है। बिजनौर शहर में रामलीला मैदान के पास बनी काशीराम कॉलोनी में शनिवार रात एक कोरोना संक्रमित मरीज युवक मिला था। युवक कुवैत से आया था और उसे स्वाहेड़ी में क्वारंटीन किया गया। रविवार को प्रशासनिक टीम मोहल्ले को सील करने पहुंची तो मोहल्लेवालों ने विरोध किया। उनका कहना था कि युवक बाहर से आया था। वह कॉलोनी में नहीं आया तो कॉलोनी को सील नहीं करना चाहिए। बाद में एहतियात के तौर पर मोहल्ले को सील किया गया। एसडीएम बृजेश कुमार का कहना है कोरोना संक्रमित मरीजों के गांवों को सील कर दिया गया है। कहा कि सभी से घरों में रहने की अपील की गई है।