महिला से ठगे हजारों रुपये के आभूषण
नजीबाबाद। दो ठगों ने एक महिला और उसकी पुत्री को वाहन में लिफ्ट देने के बहाने से हजारों रुपये के आभूषण ठग लिए। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।
नगर के मोहल्ला जाब्तागंज निवासी निसार की पत्नी गुलनाज जहां अपनी पुत्री अफ्शा के साथ नहटौर जाने के लिए सोमवार को दोपहर रोडवेज डिपो पहुंची। काफी देर तक बस न मिलने पर दो व्यक्तियों ने महिला को अपने प्राइवेट वाहन के नहटौर ले जाने का आग्रह किया। उन्होंने रोडवेज के पास खड़े एक वाहन को भी अपना बताकर महिला को दिखाया। दोनों ने महिला को बताया कि वाहन सरकारी है, इसमें आभूषण पहनकर नहीं जा सकते। आभूषण उतारकर रास्ते तक उन्हें सौंपने होंगे। महिला ठगों के झांसे में आ गई। उसने सोने की चेन, अंगूठी आदि दोनों को सौंप दिए। ठगों ने आभूषण एक लिफाफे में रख लिए और दूसरे यात्रियों की तलाश करने लगे। कुछ देर बाद दोनों व्यक्तियों ने महिला को यह कहते हुए एक लिफाफा थमा दिया कि उसमें उसके आभूषण हैं। उन्हें बैंक तक जाना है, तब तक आभूषण का लिफाफा अपने पास रखें। काफी देर तक दोनों के न लौटने पर महिला ने लिफाफा खोला तो उसमें पत्थर निकले। महिला ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी तब तक ठग हजारों के आभूषण लेकर भाग चुके थे।