जीवन सराय निवासी युवक ने भी कोरोना को हराया
बिजनौर। जिले में एक ओर जहां आए दिन कोरोना संक्रमित केस मिल रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर कोरोना को हराने वाले मरीजों की संख्या में भी धीरे धीरे इजाफा हो रहा है। किरतपुर क्षेत्र के गांव जीवन सराय का मरीज ठीक होने के बाद जिले में एक्टिव पॉजिटिव केस की संख्या 39 रह गई है। अब तक कुुल 88 लोगों को कोरोना पॉजिटिव केस निकल चुके हैं। इनमें से दो लोगों की मौत भी हुई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर विजय कुमार यादव के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव जीवन सराय निवासी एक युवक 11 मई को मुंबई से आया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। इसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे उपचार के लिए कोविड हॉस्पिटल मुरादाबाद भेजा गया था। वहां पर उसका उपचार चल रहा था। उसकी दूसरी और तीसरी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उसे मुरादाबाद से डिस्चार्ज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि भले ही यह युवक कोरोना को परास्त कर अपने गांव में गया हो, लेकिन गांव में बना हॉटस्पॉट इलाका 21 दिन की अवधि पूरी करने पर ही समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि अगर इस अवधि में गांव में कोई कोरोना संक्रमित नहीं मिला तो 21 दिन की अवधि पूर्ण होने पर गांव में लगी सील हटा ली जाएगी। सीएमओ ने बताया कि यह युवक नजीबाबाद के मोहल्ला रम्पुरा निवासी मछली कारोबारी के साथ मुंबई से लौटा था। दोनों ही कोरोना को हराकर पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।