शेरकोट। फर्जी फर्म बनाकर आईटीसी क्लेम कर संचालक सरकार को राजस्व का चूना लगा रहे हैं। ऐसे में जीएसटी विभाग ने बोगस फर्म से आईटीसी क्लेम करने पर तीन संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई।
जीएसटी डिप्टी कमिश्नर संदीप कुमार वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि कस्बे में तीन लोगों ने प्रांतीय क्षेत्राधिकार के तहत अलग-अलग फर्मो का पंजीयन कराया था। लेकिन सर्वे के दौरान फर्म स्वामी द्वारा दर्शाई जानकारी व स्थल सही नहीं मिला। जिसके कारण तीनों फर्मों का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया। वहीं, पंजीकरण निरस्तीकरण के बाद फर्म स्वामियों ने दूसरी फर्मों में सप्लाई दिखाकर लाखों रुपयों की आईटीसी पास ऑन करा ली। ऐसे में राज्य कर अधिकारी ने टैक्स चोरी का मामला पाया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर फर्म संचालक चमनो बेगम, मोहम्मद अफजल और शमशाद अहमद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। तीन दिन पहले भी राज्य कर अधिकारी की शिकायत पर दो फर्म संचालकों के विरुद्ध बोगस आईटीसी क्लेम करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।