-पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा, सीने पर भारी वाहन चढ़ने से हुई मौत
- सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत से परिवार में मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। हसंती-खेलती जिंदगी में कब दुखों का पहाड़ टूट पड़े, यह कोई नहीं जानता है। ऐसा ही कुछ नांगलजट में रविवार देर शाम हुए हादसे में देखने को मिला। पलभर में तीन लोगों की जीवन चक्र ठहर गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि तीनों युवकों की मौत निराश्रित पशु से टकराने से नहीं, सीने पर भारी वाहन के टायर चढ़ने से हुई थी। टायर से शरीर के सभी अंग क्षतिग्रस्त हो गए। मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
बिजनौर के गांव तैमूरपुर दीपा उर्फ तिमरपुर निवासी अनुज (30) पुत्र दीपचंद, विक्की (29) पुत्र केशू और बिजनौर की इंद्रलोक कॉलोनी निवासी अंकित (28) पुत्र सत्येंद्र नहटौर में मजूदरी का काम करते थे। रविवार देर शाम तीनों नहटौर से मजदूरी करके घर लौट रहे थे। गांव नांगलजट और चुड़ियाखेड़ा के बीच करीब साढ़े सात बजे उनकी बाइक निराश्रित पशु से टकरा गई। इससे वह गिर गए। हादसे में गाय की भी मौत हो गई है।
सोमवार को सड़क हादसे में मृतक अनुज, विक्की और अंकित का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार तीनों की मौत का कारण मृत्यु से पहले चोट के कारण सदमा और रक्तस्राव सामने आया है। शरीर पर वाहन चढ़ने से पसलियां, दिल, फेफड़े, लीवर, गुर्दे, तिल्ली सहित अन्य अंग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। रिपोर्ट के अनुसार सिर में चोट में खुली नहीं है। इस संबंध में मृतक अनुज के भाई के रिषभ ने पुलिस को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अनुज की शादी को अभी एक साल भी नहीं हुआ
तिमपरपुर के ग्राम प्रधान के अनुसार दीपचंद के दो बेटे और दो बेटी हैं। अनुज सबसे बड़ा बेटा है। उसकी शादी को अभी एक साल भी नहीं हुआ है। इससे पहले ही सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। परिवार में गम का माहौल है।
मां-बाप के इकलौता बेटा था विक्की
तिमरपुर निवासी विक्की की भी रविवार देर शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। ग्राम प्रधान ने बताया कि विक्की अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से परिवार सदमे हैं। मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
नांगलजट में सड़क पर रहता है निराश्रित पशुओं का जमावड़ा
हल्दौर। गांव नांगलजट में जनता इंटर कॉलेज से लेकर सीएचसी उपकेंद्र तक निराश्रित पशुओं का जमावड़ा रहता है। दो दिन पहले गांव के ही योगेंद्र उर्फ कल्लू व विनीत उर्फ विन्नू निराश्रित पशुओं से टकराकर घायल हो चुके हैं। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के युवा अध्यक्ष योगेंद्र उर्फ बिट्टू चौधरी ने कहा कि गांव में निराश्रित पशु सड़कों पर घूमते रहते हैं। इसकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। भाकियू अराजनैतिक के हल्दौर ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, भाकियू चढूनी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश युवा अध्यक्ष विकास चौधरी ने कहा कि निराश्रित पशुओं से तीन युवकों की मौत होना दुख की बात है। विकास चौधरी ने कहा कि इस मामले में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल मृतक के परिजनों से मिलेगा। साथ ही डीएम से मिलकर उनके परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का मांग पत्र दिया जाएगा।