जिला प्रशासन को नोटिस जारी कर रिपोर्ट मांगी
बिजनौर। राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग, नई दिल्ली ने अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति की शिकायत पर मामले की जांच के लिए डीएम रमाकांत पांडेय और एसपी संजीव त्यागी को नोटिस जारी किया है। आयोग की तरफ से नोटिस में कहा गया है कि छह जून को धामपुर थाने के गांव रामठेरा निवासी मुन्ने की ओर से अयोग को शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। आयोग ने मामले की जांच करने का निर्णय लिया है। आयोग की तरफ से पीड़ित का नाम व पता, घटना की तिथि, आरोपियों के नाम, अपराध का प्रकार, मामले में हुई पुलिस कार्रवाई तथा पीड़ित को दिए गए मुआवजे की विस्तृत जानकारी मांगी गई है। आयोग के सेक्शन अधिकारी पीजी भट्ट ने 15 दिनों के भीतर मामले में कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का अनुरोध किया गया है।