-उद्यमियों ने निवेश कार्यशाला में दिए प्रस्ताव
-कारोबार बढ़ने से सुधरेगी जनपद की स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। इनवेस्टर समिट में पहुंचे उद्यमियों ने जनपद में छह हजार करोड़ के निवेश करने के लिए प्रस्ताव दिये हैं। उद्यमियों के निवेश से जनपद में उद्योग स्थापित होंगे, जिसमें हजारों लोगों के लिए रोजगार सृजन होगा। रोजगार मिलने से हजारों परिवार की आर्थिक स्थिति सही होने पर उनका जीवन स्तर सुधरेगा।
जिला मुख्यालय पर सोमवार को एक होटल में इनवेस्टर समिट का आयोजन हुआ। समिट आए उद्यमियों ने जनपद के विकास के लिए अपना प्रस्ताव जमा किए। उद्यमियों ने अपने कारोबार के बारे में भी बताया। उद्यमियों के निवेश से जनपद विकास की ओर अग्रसर तेजी से होगा। इनवेस्टर समिट में उद्यमियों ने जनपद में पुराने उद्योगों के विस्तारीकरण को ज्यादा वरीयता दी। नए उद्योग के प्रस्ताव भी समिट में रखे गए हैं। उद्यमियों ने विश्वविद्यालय, बीयर बोतल, एग्रोटूरिज्म, रियल एस्टेट, पेपर मिल, चीनी मिल, मेडिकल एवं हेल्थ आदि के प्रस्ताव रखे। अधिकारियों ने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा निवेश में आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने और उनके संचालन के लिए स्वच्छ माहौल दिया जाएगा।
आने वाली बाधाओं को किया जाएगा दूर: मंडलायुक्त
मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि निवेशक आए और अपनी रूचि के तहत जिले में निवेश करें। निवेश करने के दौरान आने वाली सभी समस्याओं को दूर किया जाएगा। कहा कि आवश्यक है कि कपड़े, पेंट ब्रुश, काष्ठकला आदि के लिए कलस्टर जरूरी बने। कहा कि मंडल स्तर सिंगल बिंडो शुरु हो गई है। आज विकास भवन में भी सिंगल बिंडो का शुभारंभ किया जाएगा। किसी उद्यमी के कार्य में कोई समस्या है, तो वह उनसे मिल सकता है या व्हाट्सएप पर समस्या भेज दें, तुरंत समस्या का समाधान किया जाएगा। कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश है कि निवेश के सामने आने वाली सभी बाधाओं को दूर कर दिया जाए। निर्यात सर्विस सेंटर से बिजनौर को जोड़ा जाए। कहा कि बिजली कनेक्शन व एनओसी लेने में समस्या आती है। यह समस्या दूर करना हमारा उद्देश्य है।
विकास के पथ पर होगा बिजनौर अग्रसर: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि बिजनौर जनपद निवेश का हब बनेगा। यहां की धरती पर निवेशकों को पर्यटन, कृषि, उद्योग आदि विभिन्न क्षेत्रों में निवेश करने के अवसर प्राप्त है। उन्होंने निवेशकों का आह्वान किया कि यहां इंडस्ट्रीज स्थापित करें। प्रशासन व पुलिस की ओर से पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। डीएम ने उद्यमियों से कहा कि बिजनौर जनपद में उद्योग स्थापित करने के लिए स्वच्छ वातावरण है। कहा कि जनपद में कई पुराने कारोबार है, जिनके उत्पाद जनपद व प्रदेश ही नहीं विश्व स्तर तक अपनी पहचान रखते हैं और कारीगरों के हाथों की कला भी बहुत अच्छी है। जरूरत है इनके हुनर व कारोबार को बढ़ावा देने की। इससे दोनों का लाभ होगा।
बिजनौर बढ़ेगा, यूपी बढ़ेगी और बढ़ेगा देश: सीडीओ
सीडीओ पूर्ण बोरा ने समिट को संबोधित करते हुए कहा कि निवेशकों को कोई समस्या न हो, इसके लिए विकास भवन में सिंगल बिंडो का शुभारंभ किया गया। कहा कि जिले में उद्यमियों को निवेश करने के लिए बहुत संभावनाएं है।