- दूसरे नंबर पर पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कारोबार पर निवेश
- एल्कोहल यूनिट लगाने व क्षमता बढ़ाने के दिए प्रस्ताव
- फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गन्ना बेल्ट में शामिल बिजनौर के गन्ने की मिठास का असर इन्वेस्टर्स समिट में देखने को मिला। इन्वेस्टर्स समिट में आए उद्यमियों ने गन्ने से जुड़ी इकाइयों पर एल्कोहल कंपनी पर ज्यादा निवेश किया। दूसरे नंबर पर उद्यमियों ने पर्यटन क्षेत्र में निवेश किया है।
जनपद की सबसे महत्वपूर्ण फसल गन्ना है। गन्ना जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मुख्य केंद्र है। इस का असर जिले की राजनीति एवं बाजार पर भी पड़ता है। यही वजह की ढाई लाख हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादित गन्ने की पेराई के लिए जनपद में नौ चीनी मिल स्थापित हैं। इस बार गन्ने का असर इन्वेस्टर्स समिट में दिखाई दिया। समिट में उद्यमियों गन्ने से संबंधित इकाइयों की स्थापना एवं विस्तारीकरण पर निवेश किया है। समिट में बिंदल इंडस्ट्रीज की ओर से चीनी मिल व एल्कोहल प्लांट लगाने के लिए निवेश का प्रस्ताव दिया। दो कंपनियों ने एल्कोहल प्लांटों की क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव दिया। एग्रो टूरिज्म कंपनी की ओर उद्यमियों का रुझान बढ़ा। इसके अलावा बीयर बोतल प्लांट और चिप्स का प्लांट लगाए जाएंगे।
दूसरे नंबर पर उद्यमियों ने पर्यटन क्षेत्र में निवेश में रुचि दिखाई है। उत्तराखंड के नजदीक होने की वजह से बिजनौर में पर्यटन के तमाम संभावनाए़ं है। अमानगढ़ पर्यटन के रूप में विकसित होकर खुल जाने से पर्यटक बहुत आ रहे हैं। इस कारण वहां कारोबार के लिए निवेशकों ने अपने प्रस्ताव इन्वेस्टर्स समिट में रखे हैं।
स्टेफनी डामॉर्टियर ने किया 250 करोड़ का निवेश
इन्वेस्टर्स समिट में जिले के उद्यमियों ने ही नहीं बेल्जियम की स्टेफनी डामॉर्टियर ने कहा कि बिजनौर जनपद का वातावरण अच्छा लगा है। यहां का वातावरण उद्योगों के लिए अनुकूल है। उन्होंने 250 करोड़ का आलू की चिप्स बनाने की कंपनी के लिए निवेश किया। कहा कि एक प्रोसेसिंग प्लांट भी लगाया जा रहा है। कहा कि वह यहां से इतनी प्रभावित है कि आगे 350 करोड़ का निवेश करेंगी।
जिले में उभरेगा वुडन टाइल्स का कारोबार
जनपद के एक कारीगर के हाथों में बहुत अच्छी कला है। हाथों के कलाकार नरेश कुमार शर्मा पहाड़ी क्षेत्रों में वुडन टाइल्स का कारोबार करते हैं। समिट के मंच पर वुडन टाइल्स निर्माता नरेश कुमार शर्मा को सम्मानित किया गया। साथ ही अफसरों ने उसका परिचय कराते हुए कला को पहचाने और उनके कारोबार को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
इन्हें किया सम्मानित
मंडल आयुक्त आन्जनेय कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जिले के उद्यमी जुल्फिकार आलम वुडन हेण्डीक्राफट, मोहम्मद काशिफ ब्रश निर्माता, सलीम हेयर बिग निर्माता, शादाब अली टेक्सटाइल्स, नरेश कुमार शर्मा वुडन टाइल्स निर्माता, रियाज शीशा कार्य, अमित कुमार गोयल, अंकुर अग्रवाल रियल एस्टेट, अमित कुमार मित्तल पेपर मिल, विकास कुमार मेडिकल एंड हेल्थ, शंकर लाल शर्मा चीनी मिल, राकेश कुमार कर्णवाल होटल एंड फूड कोर्ट, शादाब खान रियल एस्टेट, नवदीप भारती मेडिकल एंड डेल्थ को प्रशस्ति पत्र, शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतिक चिह्न देकर सम्मानित किया।