जिले की गन्ना समितियों में मतदाता पात्रता की जांच शुरू
बिजनौर। गन्ना समिति चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। विभाग ने किसानों की मतदाता पात्रता की जांच शुरू कर दी है। मानक पूरा नहीं होने पर मतदाता नहीं बनेंगे।
जिले की नौ समितियों के करीब पौने चार लाख किसानों की जांच होनी है। जिले में बिजनौर, हल्दौर, धामपुर, स्योहारा, चांदपुर, नूरपुर, अफजलगढ़, नगीना, नजीबाबाद में गन्ना समिति है। इनमें प्रथम चरण में डेलीगेट का चुनाव होना है। समितियों में 369066 किसान सदस्य हैं। समिति के किसान ही चुनाव में वोटर होते हैं। वोटर बनने के लिए मानक तय हैं। इसके लिए किसान को गन्ने की पैदावार लेना जरूरी है। साथ ही किसान का समिति में 221 रुपये का शेयर जमा होना चाहिए। किसान समिति का बकाएदार नहीं होना चाहिए।
डीसीओ यशपाल सिह ने बताया कि टीम बनाकर जांच शुरु हो गई है। वोटर लिस्ट फाइनल करके 10 जुलाई से पहले जिला सहकारिता निर्वाचन दफ्तर भेज दी जाएगी। मतदाता सूची गांव वार बनेगी। पहले चरण में डेलीगेट चुनाव है। डेलीगेट गांव वार चुने जाते हैं। जिले में करीब 3600 राजस्व गांव है। हर एक सौ गन्ना सप्लायर पर एक डेलीगैट चुनना होता है। गांव की गन्ना सप्लायर की संख्या 100 से अधिक होने पर दूसरा डेलीगेट अनुसूचित महिला या छोटा सप्लायर होगा। इस प्रकार करीब छह हजार डेलीगेट चुने जाएंगे।