- रफीपुर मोहन में क्षेत्र पंचायत निधि से लगाई गई थी इंटरलॉकिंग
- खामियां पर छुपाने के लिए ठेकेदार ने लोकार्पण बोर्ड पर डाल दिया पर्दा
- ब्लॉक प्रमुख ने ठेकेदार का तत्काल प्रभाव से भुगतान रोका
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावली/भागूवाला। क्षेत्र पंचायत निधि से गांव रफीपुर मोहन में इंटरलॉकिंग सड़क बनाई गई तो बाकायदा पत्थर लगाकर उसका लोर्कापण किया गया। कुछ समय में ही इंटरलॉकिंग जगह-जगह से बैठ गई तो ठेकेदार ने लोकार्पण बोर्ड को ही कपड़े से ढक दिया। उधर, इस मामले में ब्लॉक प्रमुख ने ठेकेदार का तत्काल प्रभाव से भुगतान रोक दिया है।
क्षेत्र पंचायत निधि से वर्ष 2023-24 में करीब 60 लाख रुपये की लागत से करीब 150 मीटर इंटरलॉकिंग लगाई गई थी। रफीपुर मोहन पेट्रोल पंप से कुलदीप के खेत तक लगाई गई इंटरलॉकिंग बरसात होते ही जगह-जगह बैठ गई। इंटरलॉकिंग बैठने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंटरलॉकिंग धंसने के बाद निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार ने लोकार्पण बोर्ड को परदे से ढक दिया।
उधर, ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने बताया कि बरसात में चलते इंटरलॉकिंग की भूमि धंसने से इंटरलॉकिंग कई जगहों से उखड़ गई है। ठेकेदार का तत्काल प्रभाव से भुगतान रोक दिया गया है। जल्द ही ठेकेदार को इंटरलॉकिंग सही कराने के निर्देश दिए गए है।