इंटर के छात्रों के उम्मीद के मुताबिक नहीं आए नंबर
बिजनौर। यूपी बोर्ड का हाईस्कूल व इंटर का रिजल्ट लंबे इंतजार के बाद आज घोषित कर दिया है। इस बार परीक्षाफल विद्यालय आधारित था, लेकिन छात्रों के उम्मीद के मुताबिक नंबर नहीं आए हैं।
आज यूपी बोर्ड परीक्षा का हाईस्कूल व इंटर का रिजल्ट शाम तीन बजे के बाद घोषित हो गया है। सूबे का हाईस्कूल का रिजल्ट 99.53 प्रतिशत व इंटर का रिजल्ट 97.88 प्रतिशत रहा है। बोर्ड ने इस बार जिलेवार हाईस्कूल व इंटर का रिजल्ट जारी नहीं किया है। जिस कारण जिले के सामूहिक रिजल्ट को लेकर असमंजस बना है।
विद्यालय तथा छात्र व्यक्तिगत रिजल्ट देख रहे हैं। विद्यालयों से मिल रही जानकारी के अनुसार छात्रों के अंक 90 प्रतिशत से कम आ रहे हैं। कुछ गिने चुने छात्रों के नंबर 90 प्रतिशत से अधिक है। छात्र रिजल्ट से संतुष्ट नहीं दिखाई दे रहे हैं।
अभिभावक गजेन्द्र सिंह व सतबीर सिंह का कहना है कि सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड के छात्रों के अंक बड़ी संख्या में 90 प्रतिशत से अधिक है। ऐसे में यूपी बोर्ड के छात्र हायर एजुकेशन में दाखिले को लेकर बनने वाली मेरिट में पिछड़ जाएंगे।
वर्ष 2020 के मुकाबले कम छात्र
परीक्षा पर कोरोना का असर रहा है। वर्ष 2021 की परीक्षा में वर्ष 2020 के मुकाबले कम परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। वर्ष 2020 में हाईस्कूल में 51064 व इंटर में 42529 कुल 93593 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इस साल हाईस्कूल में 50518 व इंटर में 41028 कुल 91546 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। पिछले साल जिले का सामूहिक रिजल्ट छात्रों का 81.08 प्रतिशत व छात्राओं का 92.9 प्रतिशत बताया गया है। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि जिले का कंबाइंड रिजल्ट अभी नहीं मिला है।