- नूरपुर ब्लाॅक की पंचायत में सामने आया लाखों का घोटाला
- तीनों दोषियों से वसूली जाएगी घोटाले की बराबर-बराबर धनराशि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ने पंचायत में 2,30,576 रुपये के घोटाले में प्रधान, पंचायत सचिव तथा अवर अभियंता के खिलाफ थाने में एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तीनों से घोटाले की धनराशि वसूलने को भी कहा गया है।
मामला नूरपुर ब्लाॅक की ग्राम पंचायत शिवाला कला का है। ग्रामीणों ने पंचायत में सीसी रोड के निर्माण आदि की गड़बड़ी की शिकायत की थी। मामले की जांच जिला विकास अधिकारी एस कृष्णा तथा डीआरडीए के सहायक अभियंता की टीम ने संयुक्त रूप से की। सड़क की क्वालिटी की जांच हुई। अभिलेख देखे गए। डीडीओ के अनुसार ग्रामीणों का आरोप था कि एक सीसी रोड दो बार निर्मित दिखाकर पैसा हड़प लिया गया। जांच में 2,30,576 रुपये का घोटाला बताया गया। जांच टीम में रिपोर्ट सीडीओ पूर्ण बोरा को सौंपी। जांच रिपोर्ट डीएम के अनुमोदन के लिए भेजी गई।
डीएम उमेश मिश्रा ने बीडीओ नूरपुर को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायत शिवाला कला में घोटाले के कथित दोषी निवर्तमान ग्राम पंचायत सचिव रेखा रानी, प्रधान जाबिर अली तथा अवर अभियंता आरईडी ब्लाॅक नूरपुर अनिल कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराएं।
आरोपियों से होगी बराबर-बराबर वसूली
डीएम उमेश मिश्रा ने नूरपुर ब्लाॅक की पंचायत शिवाला कला के प्रधान, निवर्तमान ग्राम पंचायत सचिव तथा अवर अभियंता ब्लाॅक नूरपुर से घोटाले की धनराशि वसूलने के भी निर्देश दिए हैं। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि पंचायत में घोटाला 2,30,576 रुपये का है। इसलिए तीनों दोषी से घोटाले की धनराशि बराबर-बराबर वसूली जाए। प्रत्येक से 76,996 रुपये वसूले जाएं। वसूली गई धनराशि पंचायत के खाते में जमा होगी। सीडीओ पूर्ण बोरा ने कहा कि शासन की भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति है। पंचायतों का विकास प्राथमिकता है। इसलिए पंचायतों में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।