सरकारी योजना का प्रचार करने के दिए निर्देश
बिजनौर। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना से संबंधित बैठक निरीक्षण भवन में हुई। जिसमें राज्य स्तरीय सलाहकार समिति के सदस्य तुषार दीप मकवाना ने अधिकारियों को सरकारी योजना का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा योजना के तहत पात्रों की सूची उपलब्ध कराने के लिए भी कहा। जिले में 50 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति वाले 269 गांवों को योजना के तहत भारत सरकार ने चिह्नित किया है।
बैठक में तुषार दीप मकवाना ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास पर कार्य कर रही है। योजना के अपात्रों पर नियमानुसार कार्रवाई कर आख्या उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। एसीएमओ से कहा कि सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए। अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी न हो, इसके लिए प्रयास किए जाएं। उन्होंने टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड व अन्य योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की। जल निगम के अधिकारियों को जल जीवन मिशन योजना के तहत गांवों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति कराने के लिए निर्देशित किया। पूर्ति विभाग के अधिकारी को आमजन की राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
जिले में छात्रवृत्ति वितरण और राजकीय कॉलेजों की जानकारी प्राप्त की। सीडीओ पूर्ण बोरा से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के संबंध में नियमित समीक्षा करने के लिए कहा। प्रभारी समाज कल्याण अधिकारी/जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 269 गांवों को तीन चरणों में चिह्नित किया गया है। जिसमें प्रथम चरण में 19, द्वितीय चरण में 55 और तृतीय चरण में 195 गांव चिह्नित किए गए हैं। प्रत्येक चिह्नित गांवों में 20 लाख रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक रामज्ञा कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।