गणतंत्र दिवस पर सम्मानित पुलिसकर्मी सतीश कुमार।
स्योहारा। वर्ष 2016 में एनआईए अफसर तंजील अहमद व उनकी पत्नी फरजाना की हत्या के मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष राजकुमार शर्मा व सतीश कुमार स्वतंत्रता दिवस पर अपनी बेहतर विवेचना व कार्यशैली के लिए गणतंत्र दिवस पर पुरस्कृत होंगे। दोनों निरीक्षकों को डीजीपी के द्वारा ये सम्मान मिला है।
निरीक्षक सतीश कुमार व निरीक्षक राजकुमार शर्मा वर्ष 2016 में जब जनपद बिजनौर के थाना स्योहारा में थानाध्यक्ष के पद पर नियुक्त थे, तो इनके द्वारा एनआईए के पुलिस उपाधीक्षक सहसपुर निवासी तंजील अहमद एवं उनकी पत्नी फरजाना की हत्या की विवेचना संपादित की गयी। विवेचक द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रयोग कर घटना का सफल अनावरण कर, प्रकाश में आये अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके विरुद्ध आरोप पत्र प्रेषित किया गया। जिसके बाद न्यायालय द्वारा आरोपी सहसपुर निवासी मुनीर व रेयान को मृत्युदंड एवं एक एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।
विवेचक के इस कार्य से जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा एवं पुलिस विभाग की छवि उज्ज्वल हुई है। निरीक्षक सतीश कुमार व निरीक्षक राजकुमार शर्मा द्वारा उक्त अभियोग की विवेचना में सूक्ष्मता से साक्ष्य संकलन, अत्यंत लगन व कर्मठता के साथ साक्ष्य विश्लेषण करने के फलस्वरूप आरोपियों को उपरोक्तानुसार सजा दिलाए जाने के परिप्रेक्ष्य में पुलिस महानिदेशक का उत्कृष्ट विवेचना के लिए उत्तर प्रदेश में दोनों निरीक्षकों को प्रथम स्थान व पचास हजार रुपये से पुरस्कृत किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस पर सम्मानित पुलिसकर्मी सतीश कुमार।