संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। तहसील नजीबाबाद एवं नगीना में बीज विक्रेता के प्रतिष्ठानों, गोदामों पर छापा मारकर कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम ने 31 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अभिलेखों के अनुसार उपलब्ध स्टाॅक का मिलान किया। साथ ही बीज के नौ नमूने लिए। वहीं अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर एक विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनका बीज लाइसेंस को निलंबित कर दिया।
निरीक्षण में सभी उर्वरक विक्रेताओं को कृषकों की तत्कालीन आवश्यकता के अनुसार बीजों का वितरण निर्धारित दर पर किए जाने के निर्देश दिए गए। धामपुर तहसील में उप कृषि निदेशक गिरीश चंद्र, जिला गन्ना अधिकारी पीएन सिंह, बिजनौर तहसील में जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता राजवीर सिंह की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। इसके अलावा नजीबाबाद, नगीना तहसील में भी संयुक्त टीम बनाकर निरीक्षण किया गया।