निर्मित शौचालयों और साफ-सफाई का निरीक्षण किया
धामपुर। मुरादाबाद मंडल के सेवा योजन विभाग के उप निदेशक ने नहटौर ब्लॉक की बसेड़ा खुुर्द न्याय पंचायत के ग्राम सभा भवानीपुर तरकौला का स्वच्छ भारत मिशन की ओर से निर्मित शौचालयों और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। भवानीपुर तरकौला ग्राम सभा के गांव चाकरपुर में करीब चार लाख की लागत से सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण में उप निदेशक ने संतोष जताया।
उप निदेशक कमल किशोर सवेरे 11 बजे ग्राम सभा भवानीपुर तरकौला के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। विद्यालय में तैनात शिक्षिकाओं ज्योति सिंह व बबीता रानी से परिचय किया। स्कूल में बच्चों के मिड-डेेे मील के बारे में जानकारी की। विद्यालय की साफ सफाई को देख उप निदेशक ने शिक्षिकाओं के प्रयास की सराहना की। बताया गया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत सरकार की ओर से साल 2019-20 में ग्राम सभा भवानीपुर तरकौला में कुल आठ शौचालयों का निर्माण हुआ है। इनमें से तीन भवानीपुर तरकौला में बने हैं, जबकि पांच शौचालयों का निर्माण इसी पंचायत के गांव चाकरपुर में हुआ है। गांव चाकरपुर में सरकार की ओर से 3.97 लाख की लागत से सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। उप निदेशक ने प्रधान कंचन देवी, ग्राम पंचायत अधिकारी निदाहत जालिब, सहायक विकास अधिकारी उदयवीर सिंह के प्रयास की सराहना की। इस मौके पर गांव के काफी लोग मौजूद रहे।