बाल्टी में गिरने से हुई मासूम की मौत पर गमजदा परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
मंडावर में पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल गिरने से दो साल के एक मासूम की मौत हो गई। दोपहर बाद मासूम के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मोहल्ला बंजारान निवासी फईम की पत्नी शनिवार को घर के आंगन में खाना बना रही थी। उसका दो साल का बेटा असब आंगन में खेल रहा था। फईम की पत्नी का ध्यान खाना बनाने में ज्यादा था। उसे जब कुछ देर तक असब की आवाज नहीं आई तो उसने पीछे मुड़कर देखा तो पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई।
असब पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल गिरा पड़ा था। उसके पैर ऊपर उठे थे। फईम की पत्नी ने भागकर असब को पानी की बाल्टी के बाहर निकाला, लेकिन तब तक असब की मौत हो चुकी थी। पानी में सिर डूबने से सांस न आने के कारण असब की मौत हुई थी। असब की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मोहल्ले में ही शोक की लहर दौड़ गई। इस घर में असब की किलकारियां गूंजती थीं। उसकी मौत का मातम पसर गया। असब की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।