सड़क दुर्घटना में घायल की उपचार के दौरान मौत
नहटौर। नगीना से घर वापस आ रहा एक युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसकी सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में शोक व्याप्त है।
नहटौर के मोहल्ला जोशियान निवासी बॉबी (32) नगीना में शराब की दुकान पर सेल्समैन का काम करता था। शनिवार की देर शाम वह अपने घर वापस आ रहा था। रास्ते में उसकी बाइक फिसल गई, जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। परिजनों ने घायल को नगीना सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बिजनौर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में घायल को ले गए। जहां सोमवार को उपचार के दौरान घायल की मृत्यु हो गई। मृतक अपने पीछे दो बच्चों को रोता छोड़ गया है। परिजनों ने बिना किसी कार्यवाही के मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है।