शामली। शामली में जिला उद्योग बंधु की बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में नाला निर्माण, टिटौली नाले की सफाई, बिजली और सड़क जैसी समस्याओं पर जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विनय कुमार तिवारी ने की।
बैठक में आईआईए के चेयरमैन विशाल गुप्ता ने औद्योगिक क्षेत्र से पूर्वी यमुना नहर तक लगभग तीन किलोमीटर नाले के जाम होने और पाइपलाइन की बार-बार चौक होने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि इससे औद्योगिक इकाइयों में पानी भर जाता है, और उत्पादन प्रभावित हो रहा है। सीडीओ ने अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग को नाले की सफाई और मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
औद्योगिक क्षेत्र में टिटौली ड्रेनज औद्योगिक इकाई से सिल्वर ईकोटेक तक नाला बंद पड़ा हुआ है, जिसे खोलकर सही किया जाना है। इसके अलावा विद्युत विभाग से संबंधित प्रकरणों में भी अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत बैंकों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए। साथ ही हिंदन-कृष्णा नदी की स्वच्छता, एकल खिड़की योजना/निवेश मित्र योजना और वित्तीय वर्ष 2025-26 के निवेश संबंधी समीक्षा की गई।
इस मौके पर उपायुक्त उद्योग जैस्मिन फौजदार, आईआईए के चेयरमैन विशाल गुप्ता, कांधला के व्यापारी ईश्वर दयाल कंसल और जिला स्तरीय अधिकारी तथा व्यापारी मौजूद रहे। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन में ही व्यापार बंधु की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें शहर में आईजीएल गैस की पाइपलाइन डालने से खराब हुई सड़कों, अवैध टैंपो और फल-सब्जी ठेलों से जाम जैसी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कांधला स्थित नेशनल इंटर कॉलेज से द गोल्ड स्कूल तक सड़क निर्माण, दिल्ली बस स्टैंड के पास नाले का निर्माण, और रोडवेज डिपो एवं आधुनिक बस अड्डा बनाने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कांधला स्थित दिल्ली बस स्टैंड के पास नाले का निर्माण कराया जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त करनी चाही तो पूछे जाने पर अधिशासी अधिकारी कांधला अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।