रेहड़ के मच्छमार गांव के पास गन्ने के खेत मे गुलदार को पकड़ने के लिए जाल लगाते वनकर्मी
आतंक के पर्याय बने गुलदार को काबू करने के लिए वन विभाग ने भले ही कमर कस ली है। लेकिन फिलहाल गुलदार विभाग की पकड़ से कोसों दूर है। गुलदार के नही पकड़े जाने से दर्जनों गांवों के ग्रामीण दहशत में हैं। सोमवार को मच्छमार के समीप ड्रोन से एक गन्ने के खेत में गुलदार की लोकेशन की मिलने पर वनकर्मियों में पूरे खेत को जाल से कवर कर लिया।
अधिकांश ग्रामीण अपने परिजनों विशेषकर छोटे बच्चों तथा पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। हालांकि वन विभाग भी निरंतर प्रयासरत है। वनकर्मी पूर्व की तरह ड्रोन, कैमरा ट्रैप, पिंजरे तथा गश्त आदि के माध्यम से गुलदार की टोह लेने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।
शाम तक वनकर्मी जाल समेत मुश्तैदी के साथ खेत पर जमे हुए थे। इस मौके एसडीओ ज्ञान सिंह, एसडीओ अंशुमान मित्तल, रेंजर नगीना प्रदीप शर्मा, रेंजर अमानगढ़ खुशबू उपाध्याय सहित वनकर्मी मौजूद रहे।