टांडा साहूवाला में खेत में चर रहे बछडे़ पर बोला हमला
बढ़ापुर। गांव टांडा साहूवाला में गुलदार एक बकरी को उठा ले गया। इसी गांव में गुलदार ने खेत में चर रहे एक बछडे़ पर हमला बोल दिया। किसान के शोर मचाने पर गुलदार भाग गया।
गांव टांडा साहूवाला निवासी पप्पू सिंह दोपहर के समय गांव के निकट अपनी बकरियों को चरा रहा था। तभी गन्ने के खेत से निकला गुलदार एक बकरी को उठाकर ले गया। इसी गांव के जसवंत सिंह खेत में गन्ने की छिलाई कर रहे थे। उन्होंने बैल, गाय और बछड़े को लंबी रस्सी में बांध रखा था। गन्ने के खेत से निकले गुलदार ने बछड़े पर हमला बोल दिया। जसवंत के शोर मचाने पर गुलदार गन्ने के खेत में जा घुसा। दोनों घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।
वहीं, क्षेत्र के ग्राम सिक्कावाला, वनबिटोल, गढ़ीचमारान, नकीपुर, दोदराजपुर, गोपीवाला, कोटजवाना, बहेड़ी, सरदारपुर छायली, रामजीवाला, काशीवाला आदि गांवों के समीप गुलदार देखे जाने पर ग्रामीण डरे हुए हैं। इन ग्रामवासियों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। वहीं, साहूवाला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि गांव टांडा साहूवाला में टीम को भेजा गया है। वन क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों से अकेले खेतों व जंगल में नहीं जाने की सलाह दी है।