हाईस्कूल में गौरव, वैशाली व इंटर में सूर्य प्रताप व अरुण रहे अव्वल
बेगावाला। वीरा इंटर कॉलेज धर्मनगरी में हाईस्कूल में गौरव व इंटर की परीक्षा में सूर्य प्रताप सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं किसान इंटर कॉलेज मंडावली के वैशाली चौहान ने हाईस्कूल व अरुण कुमार ने इंटर की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरवान्वित किया।
वीरा इंटर कॉलेज धर्मनगरी में हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में गौरव कुमार ने 83.16 प्रतिशत अंक पाकर प्रथम, मोनिका ने 79 प्रतिशत अंक पाकर द्वितीय व सौरभ कुमार ने 76.5 प्रतिशत अंक पाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इंटरमीडिएट परीक्षा में सूर्य प्रताप सिंह ने 78.8 प्रतिशत अंकों के साथ पहला, कुलदीप कुमार ने 76.2 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा व शिप्रा सीकदार ने 75.60 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। पिछले साल हाई स्कूल की परीक्षा में छात्रा उपासना सिंह ने जिला टॉप किया था। प्रधानाचार्य मोहम्मद वाहिद ने सफल छात्रों को बधाई व उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
किसान इंटर कॉलेज मंडावली में हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम 83 प्रतिशत रहा। हाई स्कूल में वैशाली चौहान ने 80.67 प्रतिशत अंक पाकर प्रथम व प्राची अहलावत ने 75.33 प्रतिशत अंक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 97 प्रतिशत रहा। छात्र अरुण कुमार ने 78.4 प्रतिशत अंकों के साथ पहला और अभिषेक ने 77.6 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्या सुनीति त्यागी ने सभी सफल छात्रों को शुभकामनाएं दी।