महिला के गाली गलौज करने से रोकने पर 10-12 गोलियां चलाईं, भरतविहार में मची अपरातफरी, तीन बाइक छोड़कर फरार हुए युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शहर के मुहल्ला भरत विहार में शनिवार को उत्पाती युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। यहां 22 युवकों ने करीब 10-12 गोलियां चलाईं। फायरिंग होते ही लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। सिविल लाइन इलाके में भी एक युवक के साथ मारपीट और फायरिंग की गई।
शनिवार की दोपहर भरत विहार की रहने वाली महिला पूनम ने हैप्पी निवासी सालमाबाद, विशाल, विकास, अंकुर निवासीगण झलरा, विशु निवासी तिमरपुर, प्रक्षित और दक्ष निवासी सालमाबाद को नामजद कराते हुए पंद्रह अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके घर के बाहर कुछ लड़के आपस में झगड़ा और गाली गलौज कर रहे थे। इस दौरान एक लड़का भागकर उनके घर में घुस गया, महिला पूनम ने दरवाजा बंद किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। छत पर खड़ी महिला की सास ने पत्थर फेंके तो आरोपी फरार हो गए।
इस दौरान दस से बारह राउंड फायरिंग होने से मुहल्ले में अफरातफरी मच गई, लोगों ने दहशत में घरों के दरवाजे बंद कर लिए। फायरिंग के बाद आरोपी तीन बाइकों को मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइकों को कब्जे में ले लिया है और युवकों की तलाश में दबिश दी है। छात्र गुटों के बीच झगड़े में यह वारदात होने की बात सामने आ रही है।
शनिवार की शाम सिविल लाइन में भी कुछ युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी युवकों ने फायर भी किया। शहर कोतवाल नरेंद्र गौड़ का कहना है कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जांच की जा रही है।