बिजनौर। आप ज्यादा पढ़े लिखे हैं और सोच रहे हैं कि साइबर ठगों के जाल में नहीं फंसेंगे तो ये आंकड़े आपको ही सचेत करने के लिए काफी हैं। आंकड़ों नजर डालें तो पिछले साल जहां 3292 लोगों से 11 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी। वहीं इस साल अब तक करीब 800 लोगों से 1.93 करोड़ रुपये ठगे जा चुके हैं। जिले में सबसे ज्यादा ठगी हाई प्रोफाइल लोग, उच्च शिक्षा पा चुके नौकरी पेशा लोगों से ही हुई है। साइबर ठग शेयर बाजार में निवेश कर धन दोगुना करने का लालच देकर ठग रहे हैं तो ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट के नाम चूना लगाया जा रहा है।
केस-1 : नजीबाबाद निवासी एक युवती नोएडा की मल्टी नेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। पिछले साल टेलीग्राम ग्रुप पर उसे शेयर में निवेश करने की सलाह मिली। सलाह देने वालों को शुरुआत में 50 हजार दिए तो उन्होंने 45 हजार का लाभ दिखा दिया।
फिर युवती ने आठ बैंकों से करीब 90 लाख रुपये लोन लिया। अपनी जमा पूंजी को मिलाकर उन्हें 1.181 करोड़ रुपये निवेश के लिए दिया। पैसा देने के एक माह बाद ठगी का पता चला तो साइबर थाने पहुंची। तब तक उसका दिया पैसा केरल, तमिलनाडू सहित 16 राज्यों के अलग-अलग बैंक अकाउंट के जरिए निकाला जा चुका था। एक बड़ी रकम विटक्वाइन के जरिए दुबई तक गई।
केस-2 : बिजनौर की सिविल लाइन स्थित एक बैंक की महिला शाखा प्रबंधक को साइबर ठग ने बाइक एजेंसी स्वामी बनकर फोन किया। उसके अकाउंट से 8.40 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। पैसा निकलने का मेसेज जब बाइक एजेंसी स्वामी पर पहुंचा तो बैंक में संपर्क साधा। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ। पिछले साल साइबर सेल ने इस मामले में गाजियाबाद के तीन युवकों को गिरफ्तार किया था।
केस-3 : नजीबाबाद निवासी एक मर्चेंट नेवी अफसर, जिनका वेतन करीब साढ़े तीन लाख रुपये प्रतिमाह है। उन्हें टेलीग्राम चैनल पर निवेश की सलाह मिली। शुरुआत में साइबर ठगों ने 25 हजार का लाभ दिखाया। बाद में अफसर ने करीब 12 लाख रुपये निवेश के लिए दे दिए। डेढ़ महीने तक साइबर ठग टरकाते रहे, लेकिन जब अफसर को ठगी का पता चला तो सारा पैसा दक्षिणी राज्यों के बैंक अकाउंट के जरिए निकाला जा चुका था।
केस-4 : धामपुर में एक व्यक्ति के पास अंजान नंबर से व्हाट्सएप पर शादी के कार्ड का लिंक पहुंचा। जिज्ञासा में लिंक पर क्लिक किया तो पूरा फोन का एक्सेस ठगों के पास चला गया। जब तक कुछ कर पाता, ठगों ने मोबाइल के ओटीपी देखकर 1.20 लाख रुपये निकाल लिए। दूसरे फोन से 1930 पर कॉल करके उसने 80 हजार रुपये बचा लिए।
केस -5 : यह मामला नूरपुर थाना क्षेत्र का है। वहां का एक युवक नोएडा में नौकरी करता है। उसे एक वीडियो कॉल आई और उसमें पुलिस की वर्दी में दिख रहे एक व्यक्ति ने उसके बेटे के डिजिटल अरेस्ट होने की बात की।
छोड़ने के लिए दस हजार रुपये मांगे। बुजुर्ग व्यक्ति ने जनसेवा केंद्र पर जाकर उसे दस हजार रुपये डलवा दिए। बाद में बेटे से बात हुई तो पता चला उसके साथ ठगी हो गई।