तालाब और चकरोड की जमीन पर अवैध कब्जा
बिजनौर। मोहम्मदपुर देवमल तहसील के गांव बांकर नंगला के ग्राम प्रधान ने कुछ लोगों पर तालाब और चकरोड की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया है। एसपी से अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई है।
एसपी को दिए पत्र में ग्राम प्रधान घसीटा सिंह ने कहा कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने तालाब की जमीन पर कब्जा करके उसमें सिंघाड़ा की फसल बो रखी है। जिस कारण पंचायत को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कब्जा धारक यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है, जो अपनी दबंगई दिखाता है। इसके साथ ही तालाब की पैमाइश करने गए हल्का लेखपाल और कानूनगो से भी दबंगों ने गाली गलौज की थी। दबंग चकरोड व खाद के गड्ढों में फसल बोते आ रहे हैं। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि 29 मई को कांस्टेबल अपने साथ चार अज्ञात व्यक्तियों को लेकर उसके घर पहुंचा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली देने लगा। आरोपी अपहरण करने के लिए कार लेकर आए थे। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। ग्राम प्रधान ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।