शेरकोट। राजस्व विभाग और पालिका प्रशासन की टीम ने ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया। शुक्रवार को एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम मोहल्ला नौधना स्थित भूमि पर अवैध तरीके से किए जा रहे निर्माण कार्य को ध्वस्त कराने पहुंची। लेखपाल छत्रपाल ने बताया कि खसरा नंबर -33 ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत थी। जांच के दौरान ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण पाया गया, जिसके बाद ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। उधर प्रशासन की कार्रवाई से नाराज लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। गांव के मलखान सिंह, श्याम सिंह, लीला देवी, राजू व मनोज आदि का कहना है कि यह भूमि उनकी पैतृक संपत्ति है। जिसका वह पालिका में गृहकर भी जमा करते हैं। पालिका अधिशासी अधिकारी कृष्ण मुरारी का कहना है कि गृहकर रसीद जारी होने के आधार की जांच की जा रही है। मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। शेष भूमि की पैमाइश कर उसे भी कब्जामुक्त कराया जाएगा। उधर प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मची हुई है।