बंजर जमीन से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया
धामपुर। एसडीएम के आदेश पर क्षेत्र के गांव मुकुरपुरी में गांव के एक दर्जन से ज्यादा लोगों द्वारा बंजर जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को राजस्व विभाग के अधिकारियों ने जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। यह सभी लोग करीब एक हेक्टेयर से ज्यादा जमीन पर कब्जा किए थे और कुछ लोग नींव भरकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें लाठियां फटकारकर खदेड़ दिया।
एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव के लोगों द्वारा शिकायत की गई थी कि गांव के कुछ लोग बंजर जमीन पर मकानों को बनाने को मनमाने तौर पर अवैध रूप से नींव भर रहे है। कुछ ने मकान खड़े कर लिए है। एसडीएम के आदेश पर मंगलवार को नायब तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव ने पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचकर अवैध निर्मासा को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। गांव के फहीम, सहाबुद्दीन, नरेंद्र, शराफत, रिजवान, फूल सिंह, गजेंद्र सिंह, विजयपाल, धर्मपाल, नरेंद्र, राम सिंह आदि ने एक हेक्टेयर से ज्यादा जमीन पर अवैध निर्माण कर रखा था।
उधर, जब राजस्व विभाग की टीम ने अवैध कब्जों को ध्वस्त करने का प्रयास किया तो ग्रामीण सामने आ गए और कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया। लेकिन नायब तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव ने सख्ती दिखाते हुए अवैध कब्जों को ध्वस्त करा दिया। इस दौरान पुलिस ने विरोध करने वालों को लाठियां फटकार कर वहां से खदेड़ा। नायब तहसीलदार ने हिदायत दी कि यदि किसी ने फिर से सरकारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया तो कार्रवाई होगी।