अमानगढ़ के जंगल में टूटा पड़ा हाथी का दांत।
बिजनौर। अमानगढ़ के जंगल में एक इक्कड़ हाथी जंगल के दूसरे हाथियों के झुंड में घुस गया। इसके बाद वहां हाथियों के बीच खूब संघर्ष हुआ। इसी में इक्कड़ हाथी का दांत टूट गया। दांत वनकर्मियों को मिला तो हाथी की तलाश शुरू कर दी। अब उस हाथी की निगरानी की जा रही है।
अमानगढ़ के जंगल में दो दिन पहले वनकर्मियों को एक हाथी का दांत जसपुर कक्ष संख्या 20 के पास पड़ा मिला। इसकी सूचना वन अधिकारियों को मिली, तो मौके का निरीक्षण किया गया। वहां के हालात देखे तो पता चला दो या उससे अधिक हाथियों के बीच संघर्ष हुआ है। वहां खून भी पड़ा हुआ था।
तलाश करने पर वह हाथी भी अकेला घूमता मिल गया, जिसका दांत टूटा था। एसडीओ ज्ञान सिंह ने बताया कि हाथी की निगरानी की जा रही है। वहीं विशेषज्ञों से सलाह भी ली जा रही है कि किस तरह उसे दवाई दी जा सके। माना जा रहा है कि जिसका दांत टूटा है, वह इक्कड़ हाथी है। क्योंकि वह अकेला ही घूम रहा है। जब कोई इक्कड़ हाथी किसी दूसरे झुंड में घुसने की कोशिश करता है, तो ऐसा संघर्ष हो जाता है।
अमानगढ़ के जंगल में टूटा पड़ा हाथी का दांत।