बिजनौर में मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच कर एक मीट की दुकान को सील कर दिया है। जांच के दौरान मीट की दुकान पर खाद्य विभाग की टीम को लाइसेंस नहीं मिलने समेत कई अनियमितताएं मिली।
मोहल्ला खत्रियान के लोगों ने घंटाघर के निकट स्थित हबीब चिकन एंड मटन शॉप की मुख्यमंत्री के पोर्टल पर अक्तूबर 2016 में शिकायत की थी। मोहल्लेवासियों को आरोप है कि मीट दुकान का संचालक मोहम्मद जफर खुले में ही पशुओं को काटता है और मीट भी बेचता है। खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार की शाम पुलिस बल के साथ मीट की दुकान पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान टीम को दुकान संचालक खुले में ही मीट बेचता मिला। जांच के दौरान दुकान संचालक के पास लाइसेंस भी नहीं मिला। खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया। अभिहित अधिकारी बिनोद कुमार ने बताया कि मीट की दुकान की अक्तूबर माह में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर ही कार्रवाई करते हुए दुकान की सील कर दी है। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी जेपी सिंह, खाद्य सुरक्षाधिकारी रामवीर सिंह व पुलिस मौजूद रहे।