नजीबाबाद। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन इंजी़नियर मौअज्जम ने आजाद चौक पर जलभराव की समस्या को लेकर एनएचएआई और लोनिवि अधिकारियों के साथ बैठक की। दोनों विभागों के अधिकारियों ने चेयरमैन के साथ जलभराव प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।
नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में चेयरमैन ने लोनिवि के एई एमसी पांडेय, एनएचएआई के जेई अमित शर्मा के साथ बैठक की। चेयरमैन ने नगर पालिका के सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, पकंज शर्मा, अफजाल अहमद की उपस्थिति में आजाद चौक जलभराव से उत्पंन स्थिति की हाईवे और लाेनिवि अधिकारियों को जानकारी देते हुए क्षेत्रवासियों को जलभराव समस्या से निजात दिलाने को कहा।
चेयरमैन के नेतृत्व में हाईवे और लोनिवि अधिकारियों ने आजाद चौक से तीन कक्षीय न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। टीम ने आजाद चौक की जल निकासी के लिए क्षतिग्रस्त ह्यूम पाइप बदलने, अधिक व्यास के पाइप डालने और क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिया आदि का निर्माण कराने पर भी सहमति व्यक्त की। इस दौरान अधिकारियों से हाईवे से जुड़े संपर्क मार्गाें पर भी जलभराव के संबंध में चर्चा हुई।