सालों से चल रहा मानव तस्करी का खेल
बिजनौर। झारखंड और बिहार से गरीब घरों के बच्चों तथा अन्य मजदूरों को पैसों का लालच देकर मानव तस्करी का यह खेल सालों से चल रहा है। वहां से मजदूरों को लाने के लिए बाकायदा ठेकेदार भी बन गए हैं। पकड़े गए तस्करों में शामिल चार आरोपी जिले के एक सफेदपोश के नजदीकी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के बताया कि आरोपी झारखंड से गरीबों के बच्चों को लालच देकर लेकर आते हैं। कभी कभी डरा धमकाकर हरिद्वार व अन्य स्थानों पर घुमानेे का लालच भी दिया जाता है। आरोपी झारखंड से बिजनौर में संपर्क स्थापित कर तथा पैसों का सौदा करके चले थे। जो बिजनौर में लाकर रात में किशोरों और अन्य मजदूरों की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। 24 लोगों को झारखंड से नौकरी तथा काम दिलाने का झांसा देकर लाया गया था। इनके परिवारों को कुछ रुपये एडवांस देकर साथ लाते थे, फिर उन्हें मोटी रकम में बेच देते थे। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पहले भी झारखंड राज्य से बच्चों को लाकर बिजनौर में कब-कब, कहां-कहां तथा किसको बेचा गया गया, इसकी जानकारी की जाएगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो ये आरोपी सालों से इस खेल में लगे हुए थे।