- 600 होम्योपैथिक चिकित्सकों की भेजी गई सूची
- एक सप्ताह में सत्यापन करके भेजनी है होम्योपैथिक चिकित्सकों की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में इस समय कितने होम्योपैथिक चिकित्सक काम कर रहे हैं। यह जानने के लिए होम्योपैथिक विभाग की ओर सेे चिकित्सकों का सत्यापन किया जा रहा है। मुख्यालय की ओर से जिले के 600 होम्योपैथिक चिकित्सकों की सूची भेजी गई है। होम्याेपैथिक विभाग के अधिकारी और चिकित्सक फोन कर सूची के अनुसार सत्यापन कर रहे हैं।
होम्योपैथिक मेडिसिन बोर्ड उत्तर प्रदेश की ओर से बिजनौर के 600 होम्योपैथिक चिकित्सकों का सत्यापन कराया जा रहा है। ये चिकित्सक साल 1952 से साल 2023 तक होम्योपैथिक विभाग में पंजीकृत हैं। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अब होम्योपैथिक मेडिसिन बोर्ड का चुनाव होना है। बोर्ड का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है। साल 1952 के आसपास पंजीकृत होम्योपैथिक चिकित्सकों में से कुछ की मौत हो चुकी है। जिसके चलते अब सभी चिकित्सकों का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन के लिए होम्योपैथिक विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह तक का समय दिया गया है। फोन कर विभागीय अधिकारी सभी से बातचीत कर सत्यापन कर रहे हैं।
वर्जन::
होम्योपैथिक मेडिसिन बोर्ड की ओर से जिले के 600 होम्योपैथिक चिकित्सकों की सूची भेजी गई है। सूची के अनुसार सभी चिकित्सकों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के बाद ही चिकित्सकों की जानकारी बोर्ड को भेजी जाएगी - डॉ. आरती गुप्ता, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी