बिजनौर, नजीबाबाद। ग्राम पंचायत मो. अमी खानपुर के चौहड़खाता में हलचल है। बोक्सा जनजाति के परिवारों में खुशी की लहर है। सरकारी अमला गांव में डेरा डाले है। प्रधानमंत्री का जनपद बिजनौर के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य गांव के लोगों से ऑनलाइन रूबरू होने का जल्द कार्यक्रम है।
तहसील की ग्राम पंचायत मो. अमीखानपुर का मौजा है चौहड़खाता। विकास की दृष्टि से उपेक्षित रहे ग्रामीणों को पिछले कुछ वर्षों में विकास की राह मिली है। अनेक चुनौतियां अभी भी बरकरार हैं। ग्राम प्रधान सतविंदर सिंह पोप और पूर्व प्रधानों ने अनुसूचित जनजाति के लोगों की समस्याओं और क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास किए, लेकिन संसाधनों की कमी हमेशा आड़े आई।
वर्तमान में 10 प्रधानमंत्री आवास बनाए जा चुके हैं, 26 मुख्यमंत्री आवास योजना के मकान निर्माणाधीन हैं। चौहड़खाता में जनमन प्रधानमंत्री आवास योजना 27 पात्रों का चयन किया गया है। ग्राम प्रधान के नेतृत्व में चौहड़खाता की नई आबादी क्षेत्र में 125 मीटर राज्य वित्त से और 108 मीटर मनरेगा से सीसी मार्ग निर्माण व नाले का निर्माण कराया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनपद बिजनौर के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र के लोगों से जनवरी माह में ही ऑनलाइन रूबरू होने के कार्यक्रम से चौहड़खाता के ग्रामीणों में विकास की नई उम्मीद जागी है। विकास की सौगात मिलने की उम्मीद से ग्रामीण खुश हैं।
- चौहड़खाता में विभागों ने डाला डेरा
चौहड़खाता में दिसंबर के अंतिम सप्ताह से प्रशासन की हलचल है। विभिन्न विभागों के अधिकारी समय-समय पर गांव पहुंचकर बोक्सा जनजाति के लोगों की समस्याओं का निवारण करने में जुटे हैं। डाक विभाग की ओर से आधार कार्ड बनाने और संशोधन का गांव में शिविर लगा है। शासन की योजनाओं के पात्रों का चयन किया जा रहा है।
- विद्युतीकरण से चौहड़खाता को संतृप्त करने में जुटा विभागगांव की नई आबादी में विद्युतीकरण करने और पुरानी विद्युत लाइन को हटाकर एबीसी कंडक्टर की सुविधा देने में विद्युत निगम अभियान चला रहा है। पूरे चौहड़खाता क्षेत्र में नई विद्युत लाइन खींची जा रही है। प्रधानमंत्री कार्यक्रम से पूर्व नए ट्रांसफार्मरों से विद्युत लाइन को जोड़ने की योजना है।
- जिला उद्योग विभाग पहली बार गांव पहुंचा
बोक्सा जनजाति की युवतियों को विश्वकर्मा योजना का लाभ जिला उद्योग विभाग दिलाएगा। सहायक प्रबंधक संदीप कुमार ने बताया कि 18 से अधिक आयु की युवतियों से पांच दिन के बेसिक और 10 दिन के एडवांस ट्रेनिंग कोर्स के साथ 15 हजार रुपये के ई-बाउचर सुविधा लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कराए। रोजगार के लिए युवतियों को पांच प्रतिशत ब्याज पर एक लाख रुपये तक का ऋण दिए जाने की जानकारी भी दी गई।
- बोले ग्रामीण- रोजगार के अवसर नहीं मिले
बोक्सा जनजाति की प्रियंका और राधा कहतीं हैं कि महिलाओं को रोजगार के न तो अवसर मिले और न ही जानकारी। पहली बार अधिकारी रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने गांव में पहुंचे हैं।
- वर्षों से खस्ताहाल है मुख्य मार्ग
नजीबाबाद। 84 वर्षीय पानो और 60 वर्षीय बलराम सिंह ने चौहड़खाता आबादी के बीच खस्ताहाल मार्ग बनवाने की जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। वर्ष 2005 में अंबेडकर विकास योजना में बना खस्ताहाल मार्ग जल मिशन योजना की पाइप लाइन डालने से और भी बदहाल हो गया है। पंचायत पर करीब 400 मीटर लंबा सीसी मार्ग बनाने का बजट नहीं है।
- स्कूल और यातायात मुख्य समस्या
नजीबाबाद। चौहड़खाता में प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूल हैं। आगे पढ़ाई के लिए नजीबाबाद की दूरी करीब 16 किलोमीटर दूर होने के कारण उत्तराखंड के हल्दूखाता क्षेत्र जाना पड़ता है। यातायात संसाधन बोक्सा जनजाति के बच्चों और ग्रामीणों के लिए चुनौती बने है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उन्हें जल्द इंटर कॉलेज और आवागमन की सौगात मिलेगी।