बिजनौर में शास्त्री चौक पर जाम लगाते हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में टीएसआई रोहित त्रिपाठी द्वारा हिंदू युवा वाहिनी जिलाध्यक्ष की बेटी व पत्नी से अभद्रता किए जाने पर संगठन के कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने शास्त्री चौक पर जाम लगा दिया और टीएसआई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। टीएसआई ने मौके से खिसकने की कोशिश की तो कार्यकर्ता भड़क गए। कार्यकर्ताओं ने टीएसआई को तुरंत सस्पेंड करने की मांग की। सस्पेंड न होने तक जाम खोलने से साफ इंकार कर दिया।
शनिवार शाम शास्त्री चौक पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। हिंदू युवा वाहिनी जिलाध्यक्ष संजीव मलिक की पत्नी व बेटी स्कूटी से खरीदारी के लिए बाजार जा रही थीं। पुलिस ने उन्हें रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी के कागज पूरी होने के बाद भी टीएसआई ने उनकी स्कूटी वहां खड़ी करा ली और अभद्रता करते हुए पैदल ही बाजार जाने को कहा। इसका पता चलने पर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताआें ने रोहित त्रिपाठी से बात की तो उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अभद्रता करने की कोशिश की। कार्यकर्ता भारी संख्या में शास्त्री चौक पर एकत्र हो गए और उन्होंने एक ओर जमा लगा दिया। कार्यकर्ताओं ने टीएसआई रोहित त्रिपाठी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। टीएसआई ने विरोध बढ़ता देखकर मौके से खिसकने की कोशिश की तो कार्यकर्ता और भड़क गए। शहर कोतवाल रामसेवक ने भीड़ को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने जाम खोलने से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि रोहित त्रिपाठी के सस्पेंड होने के बाद ही जाम खोला जाएगा। इस दौरान अंशुल, नितिन, जितेंद्र राणा, हिमांशु, मोहित, अमित आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। जाम के दौरान पुलिस किसी तरह थोड़ी थोड़ी संख्या में वाहन निकालती रही।