चुनाव ड्यूटी पर आए होमगार्ड की हृदयगति रुकने से मौत
बिजनौर। बिजनौर में चुनाव ड्यूटी करने आए उन्नाव के होमगार्ड की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। वहीं बिजनौर के ही रहने वाले होमगार्ड की अचानक तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।
जिला उन्नाव के थाना पुरुवा के गांव शिवदीन खेड़ा मिरिकला के रहने वाले 55 वर्षीय भगीरथ चुनाव ड्यूटी करने के लिए बिजनौर आए थे। शनिवार देर शाम भगीरथ के सीने में तेज दर्द हुआ और हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां होमगार्ड ने दम तोड़ दिया। होमगार्ड कमांडेंट अभिलाष नारायण ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिवार वालों को सूचना देने के साथ ही रविवार को शव को गांव भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत होना बताया गया है। वहीं शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव टिक्कोपुर रहने वाला होमगार्ड नौबतराम की तैनाती नजीबाबाद थाने में चल रही थी। शनिवार को कलक्ट्रेट गेट के पास नौबतराम को अचानक उल्टियां आने लगीं। परिवार वाले भी सूचना मिलने पर पहुंच गए। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान होमगार्ड की मौत हो गई।