- 80 अतिसंवेदनशील और 22 संवेदनशील पर रहेगी विशेष निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। होली आने में महज तीन दिन ही बाकी रह गए हैं, ऐसे में पुलिस अफसरों ने शांति बनाए रखने के लिए इंतजामों का खाका बना लिया है। जिले में सेक्टर व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। इस बार जिले में चिन्हित किए गए 80 अतिसंवेदनशील और संवेदनशील पर विशेष निगरानी रहेगी। ड्रोन से भी नजर रखी जानी है।
जिले में 1881 जगहों पर होलिका दहन किया जाना है। जिले के अलग शहरों और कस्बों में कुल 92 होली जुलूस का आयोजन होता है। शुक्रवार को भी नगीना में उत्साह और उल्लास के साथ जुलूस निकाला गया। बता दें कि होली नजदीक आते ही पुलिस महकमे में इंतजाम किए जाने की रुपरेखा तैयार हो गई है। पहले चरण में ही शांति समिति की अलग अलग थानों में 42 बैठकें हो चुकी हैं।
वहीं अब होली और दुल्हैंडी पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को तीन सुपर जोन, छह जोन, 21 सेक्टर और 146 सब सेक्टर में बांटा गया है। सुपर जोन में अपर पुलिस अधीक्षक नजर रखेंगे जबकि जोन में सीओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस के साथ साथ पीएसी बल भी तैनात रहेगा। साथ ही 53 क्यूआरटी भी तैनात की गई है। सात मार्च से नौ मार्च तक पुलिस ड्यूटी की व्यवस्था लागू रहेगी।
बीते पांच सालों में हुए 17 विवाद
होली पर तमाम लोग शराब के नशे में हुड़दंग करते हैं। जिनमें कभी कभी विवाद भी हो जाता है। पिछले पांच सालों की बात करें तो 17 विवाद हुए हैं। इन विवादों की कुंडली खंगाली गई है। त्योहारा रजिस्टर में मिलान करते हुए यह देखा जा रहा है कि इन विवादों की रंजिश अभी तक तो नहीं बनी हुई है।
वर्जन::::
होली के रंग में भंग न पड़े, इसके लिए जिले में सेक्टर व्यवस्था को लागू कर दिया है। तीन दिनों तक पुलिस लगातार नजर रखेगी। संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शांति व्यवस्था में खलल पैदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ...डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एएसपी सिटी