अवैध शस्त्र बनाते हिस्ट्रीशीटर दबोचा
धामपुर। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर वसीम उर्फ गलकटा को गिरप्तार किया है। आरोपी नगर की कांशीराम आवासीय कालोनी में अवैध हथियार बना रहा था। आरोपी के कब्जे से निर्मित और अर्द्धनिर्मित तमंचे बनाने के उपकरण बरामद किए। आरोपी जिले का पशु लुटेरा भी है। आरोपी पर जिले के विभिन्न थानों में 19 वाद दर्ज है।
एसपी पूर्वी अनित कुमार ने बताया कि आरोपी मोहल्ला बंदूकचियान का निवासी है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार आरोपी पशु लुटेरा है। आरोपी की पिछले साल करीब 20 लाख की संपत्ति को जब्त किया जा चुका है। पुलिस ने सूचना पर मुरादाबाद मार्ग पर कांशीराम आवासीय कालोनी में छापा मारा तो वहां पर आरोपी अवैध हथियार बनाते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से चार तमंचे, छह कारतूस, अधबनी 12 बोर की नाल, पांच नाल 315 बोर, सात रिवाल्वर की बॉडी एवं शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। एसपी पूर्वी ने बताया कि आरोपी पर कोर्ट में 19 वाद विचाराधीन है। आरोपी को गिरफ्तार करने वालों में उपनिरीक्षक सुरेंद्र मलिक, मुकेश कुमार, सिपाही विजय, राजेंद्र पाल सिंह रहे।