बिजनौर, स्योहारा। लगभग एक माह पूर्व ग्राम सिपाहीवाला में फुरकान के घर से 75 हजार रुपये की नकदी व लाखों रुपए के जेवरात लूट में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी हुए सोने, चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पकड़े गए एक बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम व जिले भर में तीस से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
12 जून की रात्रि दो बजे ग्राम सिपाहीवाला में फुरकान के घर की खिड़की तोड़कर घुसे बदमाशों ने घर में रखे 75 हजार रुपये व लगभग आठ लाख रुपये के जेवरात लूट लिए थे। इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने मकान स्वामी के पुत्र आमिर को गोली मारकर घायल कर दिया था।
रविवार की रात्रि पुलिस ने वसीम उर्फ गलकट व समीर निवासी मोहल्ला बंदूकचियान धामपुर को एक तमंचे व चाकू सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश वसीम गलकट ने सिपाहीवाला में हुई लूट में शामिल होना बताया है। बदमाश की निशानदेही पर पीली धातु की दो अंगूठी, दो टॉप्स, दो लोंग व सफेद धातु की दो जोड़ी पाजेब व दो जोड़ी बिछुए भी बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह का कहना है कि वसीम उर्फ गलकट पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था, साथ ही जिले के अनेक थानों पर तीस से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।