नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने पर खुशी जताता हिमांशु चांग (बीच में।)
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में वेटलिफ्टर हिमांशु चांग ने सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में स्नेच कैटेगिरी में 162 और क्लीन एंड जर्क में 203 समेत कुल 365 किलो वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता। इसके साथ ही हिमांशु चांग ने इस वर्ष होने वाली एशिया चैंपियनशिप और वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए लगने वाले इंडिया कैंप के लिए क्वालीफाई किया है। गांव गिलाड़ी के स्वर्गीय मदनपाल सिंह के पुत्र हिमांशु चांग ने वेटलिफ्टिंग में अपना लोहा मनवाया है। हिमांशु चांग ने तमिलनाडु के नेगरोली में 26 से 30 दिसंबर तक चली नेशनल चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर सीनियर वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर नाम रोशन किया। हिमांशु अपने प्रदर्शन से खुश हैं। उन्होंने बताया कि इसी वर्ष लॉस एंजिल्स में वर्ल्ड चैंपियनशिप तथा तुर्कमेनिस्तान में एशिया चैंपियनशिप होनी है। हिमांशु रेलवे की ओर से खेलते हैं। उसकी सफलता से गांव गिलाड़ी में भी खुशी का माहौल है। हिमांशु के ताऊ चौधरी करन सिंह का कहना है कि हिंमांशु कड़ी मेहनत से साथ आगे बढ़ रहा है। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेगा।