- पुलिस ने किया हिमांशु हत्याकांड का खुलासा, आरोपी शिवकुमार को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। पुलिस ने हिमांशु हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। हिमांशु की हत्या किशनपुर निवासी शिवकुमार ने की थी। शिवकुमार के उसके फूफा की पुत्रवधू से संबंध थे। हिमांशु ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इन संबंधों का खुलासा होने के डर से शिवकुमार ने गला रेतकर हिमांशु की हत्या कर दी।
गांव शहजादपुर कोतवाली निवासी अपने फूफा विजय सिंह के यहां इस्सेपुर में रह रहे 18 वर्षीय हिमांशु की हत्या किशनपुर निवासी शिवकुमार उर्फ बंटी ने की थी। शिवकुमार का हिमांशु के फूफा विजय सिंह के यहां आना जाना था। विजय सिंह की पुत्रवधू से शिवकुमार के प्रेम प्रसंग थे। कॉल डिटेल के आधार पर प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, अपराध निरीक्षक राजेंद्र सिंह, एसआई सर्वेज खां ने किशनपुर निवासी शिवकुमार को पकड़कर हिमांशु हत्याकांड का खुलासा किया।
शिवकुमार ने हिमांशु की हत्या का अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को महिला से प्रेम प्रसंग की जानकारी दी। हत्यारोपी ने हिमांशु को पहले शराब पिलाई और फिर खेत में ले जाकर दरांती से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त की गई दरांती को भी बरामद कर लिया है।