मीरमपुर बेगा से भागूवाला तक हाईवे खस्ताहाल
मंडावली/नजीबाबाद। मंडावली क्षेत्र में मीरमपुर बेगा से भागूवाला तक एनएच-74 खस्ताहाल है। हाईवे पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है। हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
नजीबाबाद-हरिद्वार एनएच-74 पर ग्राम मीरमपुर बेगा से लेकर भागूवाला तक छह किमी लंबे टुकड़े में जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। हाईवे पर गड्ढे और नुकीले पत्थर होने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रीय ग्रामीणों भूपेंद्र सिंह, अमित राठी, राजेंद्र सिंह, हेमंत कुमार, हिमांशु, इकबाल, नसीम अहमद का कहना है कि हाईवे के खस्ताहाल होने के साथ हाईवे के दोनों ओर मिट्टी पड़ी हुई है। वाहन जब हाईवे से गुजरते हैं तो काफी दूर तक धूल भरा वातावरण रहता है, जिस कारण मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को सांस लेने में काफी दिक्कतें होती है। धूल भरे वातावरण में वाहन चालकों को हाईवे पर गड्ढे भी दिखाई नहीं देते, जिससे कई बाइक सवार चोटिल भी हो चुके हैं। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने एनएच-74 के अधिकारियों से मीरमपुर बेगा से भागूवाला तक मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। उधर, एनएच-74 के जेई राजीव सैनी का कहना है कि मार्ग पर गड्ढे भरने का कार्य शुरू किया जा रहा है। दो दिन में भागूवाला तक इस मार्ग की मरम्मत कर दी जाएगी।