हाईस्कूल व इंटर की मार्कशीट की गलती हुई संशोधित
संशोधित मार्कशीट वितरण के लिए कैंप
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा देने वाले जिन विद्यार्थियों की अंकतालिका अर्थात मार्कशीट में कोई गलती थी, वे संशोधित होकर डीआईओएस कार्यालय में आ गई हैं। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार संशोधित मार्कशीट के वितरण के लिए कैंप लगेगा।
हाईस्कूल व इंटर की अंकतालिका में बड़े पैमाने पर गलती सामने आई थी। बोर्ड से प्राप्त मार्कशीट में अनेक विद्यार्थियों के नाम जन्मतिथि, माता पिता के नाम आदि की गलतियां मिली थीं। अभी तक विद्यार्थियों को गलती सुधार के लिए बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय बरेली के चक्कर लगाने पड़ते थे।
शासन के निर्देश पर मार्कशीट की गलती सुधार के लिए करीब दो माह पहले जीआईसी बिजनौर में कैंप लगा। कैंप में बोर्ड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में शिकायतें आईं थी। अब गलतियों का संशोधन हो गया है। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार संशोधित मार्कशीट के वितरण के लिए 18 नवंबर से उनके कार्यालय में पांच दिवसीय कैंप लगेगा।
ये हैं कार्यक्रम
डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार कैंप सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक है। 18 नवंबर को चांदपुर तहसील, 20 नगीना तहसील, 21 नवंबर को नजीबाबाद तहसील, 23 नवंबर को बिजनौर तथा 25 नवंबर को धामपुर तहसील के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त तथा वित्त विहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य को आना है।