फोटो समाचार
हरेवली। साहूवाला वन क्षेत्र से गांवों में गुलदार का आतंक तो बना हुआ है ही, अब हाथियों के झुंड ने किसानों की फसलों को बर्बाद करना शुरू कर दिया है। गांव शाहनगर कुराली, रामनगर गोसाई, इनायतपुर, भगोता, हरेवली, महमदाबाद आदि गांव के किसान शमशाद अहमद, मोहम्मद इस्लाम, मोहनपाल, शमीम अहमद, मोहम्मद हसन, मोहम्मद आसिफ आदि का कहना है कि हाथियों के झुंड ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। मंगलवार रात हाथियों का झुंड गांव भगौता के जंगल में मोहम्मद इस्लाम, शमशाद आलम, शमीम अहमद, रामलाल सिंह आदि किसानों के खेतों में घुस गया। हाथियों ने सैकड़ों बीघा धान और गन्ने की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया। वन क्षेत्राधिकारी मोतीलाल का कहना है कि किसानों ने विभाग को कोई सूचना नहीं दी गई है। टीम को भेजकर हाथियों को वन क्षेत्र में खदेड़ने का प्रयास किया जाएगा। फसलों का मूल्यांकन कराकर किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।