कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों के मार्ग से नहीं निकलेंगे भारी वाहन
बिजनौर। प्रशासन ने श्रावण मास की कांवड़ यात्रा का रूट प्लान तैयार कर लिया है। रूट प्लान के तहत ही कांवड़ यात्रा चलेगी। 17 जुलाई से 30 जुलाई तक रूट प्लान जारी रहेगा। इस दौरान बड़े वाहनों को कांवड़ियों के मार्ग से जाने की अनुमति नहीं होगी।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक भागूवाला, मंडावली, नजीबाबाद, कोतवालीदेहात, नगीना देहात, धामपुर से अफजलगढ़ व रेहड़ होते हुए उत्तराखंड के जिला उधमसिंह नगर के लिए भोले के भक्त जाएंगे। मुरादाबाद जाने वाले कांवड़िए भागूवाला, मंडावली, नजीबाबाद, कोतवालीदेहात, नगीना देहात, धामपुर, स्योहारा होकर जाएंगे। अमरोहा व बुलंदशहर के लिए कांवड़िए नहटौर, हल्दौर, नूरपुर, चांदपुर, शिवालाकलां से नौगावां सादात होकर जाएंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से जसपुर व मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को नजीबाबाद से कोतवालीदेहात, नगीना, धामपुर, शेरकोट, अफजलगढ़ व रेहड़ होते हुए भेजा जाएगा। मुरादाबाद जाने वाले वाहन नूरपुर से निकलेंगे। गजरौला जाने वाले वाहन चांदपुर होकर जाएंगे। बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को किरतपुर, नजीबाबाद होकर मंडावली के रास्ते निकाला जाएगा। इस मार्ग पर अगर कांवड़ियों का ज्यादा आवागमन रहता है तो सभी वाहनों को जजी चौराहे से मंडावर, चंदक व मंडावली के रास्ते निकाला जाएगा।
पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान तनाव की स्थिति पैदा होने पर वैकल्पिक प्लान भी तैयार किया है। इसके अंतर्गत अगर कहीं तनाव होता है तो कांवड़ियों का रूट डायवर्ट किया जाएगा। इन मार्गों पर पुलिस बल की विशेष व्यवस्था रहेगी। हर थाने को ध्यान में रखकर यह वैकल्पिक प्लान तैयार किया गया है।